वाराणसी में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहे, लेकिन मतदाताओं में उत्साह नहीं दिखा। रोहनियां विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय रोहनियां के चार बूथों पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए सिर्फ 20 लोगों ने फॉर्म छह भरा। नाम संशोधन के लिए तीन मतदाताओं ने फॉर्म आठ जमा किया, जबकि दो ने नाम विच्छेदन के लिए आवेदन दिया।
चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने शनिवार को मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा के तहत पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और चंदौली के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। क्वींस इंटर कॉलेज में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और बूथ लेवल अधिकारियों से सीधा संवाद किया।
बातचीत के दौरान वोटर कार्ड बनवाने की योग्यताओं पर पूछे जाने पर छात्रों ने तीनों अनिवार्य अर्हताओं का सही जवाब दिया—18 वर्ष की आयु पूर्ण होना, भारत का नागरिक होना तथा संबंधित क्षेत्र का वैध निवास प्रमाण पत्र होना। चुनाव आयुक्त ने युवाओं के मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया का जायजा लिया और बीएलओ से पंजीकरण का विस्तृत ब्यौरा प्राप्त किया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रधानाचार्य विश्वेश्वर सिंह, डॉ. कन्हैया लाल यादव और नीलिमा श्रीवास्तव ने विद्यालय में आयोजित क्विज और निबंध प्रतियोगिता तथा तत्काल वोटर कार्ड पंजीकरण प्रयासों की जानकारी दी। डॉ. जोशी ने इन समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए इसे लोकतंत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
