कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में मखाना फोड़ने का काम करने वाले एक मजदूर की हत्या कर दी गई। गोरगामा गांव की बांसबाड़ी से शनिवार को शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र स्थित बरसाम गांव निवासी बिरजू सदा (22) के रूप में की गई है। वह कोढ़ा क्षेत्र में रहकर मखाना प्रसंस्करण की मजदूरी करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, युवक के दोनों हाथ रस्सी से कसे हुए थे। गले पर गहरे दबाव के निशान और बाईं आंख के ऊपर गंभीर जख्म पाए गए हैं। इन्हें देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर कोढ़ा के अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन के लिए भागलपुर से एफएसएल की टीम बुलाई गई।

मृतक के चाचा लोचन सदा ने बताया कि बिरजू पिछले तीन दिनों से अचानक लापता था और परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। शनिवार को ग्रामीणों के माध्यम से बांसबाड़ी में शव मिलने की सूचना मिली। कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं मिला है; आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कोढ़ा क्षेत्र में महज 10 दिनों के भीतर मखाना फोड़ने वाले दूसरे मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। इससे बाहर से आकर काम करने वाले मजदूरों में दहशत का माहौल है। बीते 10 नवंबर को पटाखा छोड़ने को लेकर हुए विवाद के दौरान दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना अंतर्गत नवाबनगर वार्ड संख्या 20 निवासी सुरेश साहनी की हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि विवाद के समय सुरेश बीच-बचाव करने पहुंचे थे, इसी क्रम में सिर पर लाठी से प्रहार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। सुरेश भी कोढ़ा क्षेत्र में रहकर मखाना फोड़ने का काम करते थे। कटिहार में बड़े पैमाने पर मखाना की खेती होती है और कटाई व प्रसंस्करण के लिए दरभंगा, मधुबनी समेत अन्य जिलों से बड़ी संख्या में मजदूर यहां आते हैं।