औरंगाबाद जिले की पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर अपहरण के एक मामले का खुलासा करते हुए कथित रूप से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया है कि युवक का अपहरण हुआ ही नहीं था, बल्कि उसने ऑनलाइन गेम में पैसा हारने के बाद खुद ही अपहरण की झूठी साजिश रची थी। किडनैपिंग की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया था।

दरअसल, 19 नवंबर को दाउदनगर थाना को अपहृत युवक के पिता द्वारा लिखित आवेदन के माध्यम से सूचना मिली थी कि उनका बेटा भखरुआ मोड स्थित एक मोबाइल दुकान में काम करता है, जिसे रात 9 बजे अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है और 1,50,000 रुपए फिरौती की मांग की जा रही है। इस संबंध में लिखित आवेदन के आधार पर दाउदनगर थाना कांड संख्या-786/26, दिनांक-20.11.2026 के अंतर्गत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद के द्वारा SDPO दाउदनगर के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया। पहली सूचना के आधार पर किडनैपिंग के इस कथित मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने मैनुअल के साथ टेक्निकल सर्विलांस का भी सहारा लिया और कथित तौर पर अगवा युवक के मोबाइल समेत कई तकनीकी सबूत खंगाले। SIT ने सिर्फ दो घंटे में पता लगा लिया कि मामला क्या है।

दो घंटे के भीतर कथित तौर पर अगवा प्रकाश कुमार पुलिस की गिरफ्त में था। पुलिस को करीब-करीब इस बात की जानकारी मिल चुकी थी कि यह किडनैपिंग का मामला नहीं है, लेकिन आरोपी का कबूलनामा जरूरी था। पूछताछ में प्रकाश ने बताया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत लगी थी, जिसमें अलग-अलग एप्लिकेशन से लोन लेकर वह ऑनलाइन गेम में हार गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने खुद की किडनैपिंग की साजिश रची और अपने ही घरवालों से फिरौती भी मंगवा डाली।