बदायूं जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहीं 56 मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटर योजना के तहत गुलाबी रंग के स्कूटर दिए जाएंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी पात्र छात्राओं की अंतिम सूची तैयार कर ली है। उम्मीद है कि आगामी 15 दिसंबर को समारोह आयोजित कर स्कूटर वितरित किए जाएंगे।

सरकार ने यह योजना छात्राओं के आवागमन को सुगम बनाने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की है। योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली उन छात्राओं को लाभ दिया जा रहा है, जिन्होंने अपने संबंधित विश्वविद्यालय या महाविद्यालय की मेधा सूची में शीर्ष पांच प्रतिशत में स्थान प्राप्त किया है।

पात्रता के लिए मेधावी होने के साथ कुछ अन्य मानक भी तय किए गए हैं। लाभार्थी छात्रा का प्रदेश का स्थायी निवासी होना आवश्यक है और उसके परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इन मानकों की गहन जांच के बाद ही छात्राओं का चयन किया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी लाभार्थियों को एक ही रंग यानी गुलाबी स्कूटर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि सड़क पर इनकी अलग पहचान बनी रहे।

उच्च शिक्षा की नोडल अधिकारी एवं राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने बताया कि यह योजना बेटियों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सरकार की एक सकारात्मक पहल है। जिले के सभी महाविद्यालयों से मेधावी छात्राओं की सूची प्राप्त होने के बाद सत्यापन पूरा कर लिया गया है। विभागीय तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही वितरण की तिथि पर अंतिम मुहर लग जाएगी।