छपरा सदर अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई (एमसीएचसी) में एक नवजात की मौत के मामले ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वजन का आरोप है कि रात में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध न होने और स्पेशल न्यूबार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में बेड खाली न रहने के कारण नवजात को समय पर इलाज नहीं मिल सका। डोरीगंज थाना क्षेत्र के मूसेपुर निवासी रवि कुमार की पत्नी साक्षी कुमारी 21 नवंबर की रात प्रसव के लिए सदर अस्पताल पहुंची थीं। रात करीब एक बजे महिला चिकित्सक डॉ. सरिता ने उन्हें अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी, लेकिन रात में यह सुविधा न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। इसी दौरान उनका सामान्य प्रसव हुआ। स्वजन के अनुसार नवजात प्रीमेच्योर था और उसे विशेष चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत थी, लेकिन एसएनसीयू में एक भी बेड खाली नहीं था, जिससे समय पर भर्ती और उपचार नहीं मिल सका और अंततः उसकी मौत हो गई।

एमसीएचसी में 100 बेड का अस्पताल है, लेकिन नवजातों के लिए एसएनसीयू में केवल 18 बेड संचालित हैं। इनमें नौ आउटबार्न और नौ इनबार्न नवजातों के लिए निर्धारित हैं। अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 20 से 25 प्रसव होते हैं, इसके बावजूद एसएनसीयू की क्षमता नहीं बढ़ाई गई है और अक्सर सभी बेड भरे रहते हैं। गंभीर नवजातों को समय पर उपचार न मिलना अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएम दुबे ने बताया कि एसएनसीयू में नियमित रूप से शिशु रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई जाएगी और रात में चिकित्सकों की आनकॉल ड्यूटी भी बंद की जाएगी।