कानपुर में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने नौ साल में तीन शादियां कीं और पति को छोड़कर जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह महिला अब चौथे युवक को अपना शिकार बनाने की तैयारी में थी और उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, जूही लाल कालोनी निवासी प्रगति विश्वकर्मा ने 18 मई 2026 को आटो सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा से शादी की थी। विशाल के मुताबिक, शादी के करीब एक महीने बाद 18 जून 2026 को प्रगति करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नगद लेकर मायके चली गई। जांच में पता चला कि उसने 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से और उसी साल 23 जून 2017 को इटावा के सुमित बाथम से शादी की थी। यह जानकारी विशाल को प्रगति और उसके परिवार ने नहीं दी थी।
विशाल ने 13 अगस्त 2026 को भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर जाकर पूर्व शादियों के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इस पर परिजनों ने उसे पीटा और प्रगति की मां ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए 20 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद विशाल ने पुलिस से शिकायत की और प्रगति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई।
पुलिस प्रगति की तलाश में जब उसके लोकेशन पर पहुंची तो वह एक युवक के साथ मिली। युवक ने बताया कि करीब चार महीने से प्रगति उसके साथ लिव-इन में रह रही है और दोनों इंस्टाग्राम पर दोस्त बने थे। दोनों शादी की योजना बना चुके थे। पुलिस का मानना है कि प्रगति इस युवक को अपना अगला शिकार बनाने वाली थी। पुलिस ने प्रगति के मोबाइल फोन की जांच में उसके तीनों पतियों की तस्वीरें पाईं। पुलिस ने प्रगति, उसके पिता अशोक विश्वकर्मा, मां सीमा, सगी मां सोमवती, मौसी कोमल और मौसिया शरद सैनी को गिरफ्तार किया है। प्रगति अशोक की गोद ली हुई बेटी है। पुलिस के मुताबिक, यह एक गिरोह है जो युवकों को फंसाकर शादी के बाद लूटता रहा है। शनिवार को जेल ले जाते समय प्रगति ने थाने में रोते हुए आरोप लगाया कि उसके खिलाफ झूठे तथ्य पेश किए गए हैं और न्याय न मिलने पर वह आत्मदाह कर लेगी।
