चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र के चौरा गांव में 15 वर्षीय निशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह पालेश्वर नाथ इंटर कालेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। पुलिस ने कमरे से उसकी खुली कॉपी बरामद की है, जिसमें उसने पढ़ाई करने के बावजूद याद न रहने की परेशानी लिखी थी। मामले की जांच की जा रही है।

गुरुवार रात निशा घर में अकेली थी। उसकी मां लीलावती मायके नोनार गांव गई थी, जबकि दोनों भाई बाहर रहते हैं। रात में खाना खाने के बाद निशा ने पिता नत्थू प्रसाद से मवेशियों को चारा देने और बाड़े का दरवाजा बंद करने को कहा। इसके बाद पिता दूसरे घर में सोने चले गए। शुक्रवार सुबह बेटी को कालेज जाने के लिए जगाने पहुंचे तो उसे कमरे में मृत पाया।

थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि कमरे से खुली कॉपी बरामद की गई, जिसमें निशा ने पढ़ाई करने के बावजूद याद नहीं रहने की परेशानी लिखी थी। उसने अपने माता-पिता के प्रति प्यार भी जताया था। मां लीलावती के मुताबिक, निशा अक्सर कहती थी कि कितना भी पढ़ने पर उसे याद नहीं रहता। कालेज में शिक्षकों की डांट से भी उसे बुरा लगता था। मां ने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि बेटी इतनी परेशान है।

पिता नत्थू प्रसाद मजदूरी और फसल बेचकर जो रुपये जुटाते थे, उनमें से कुछ बेटी को संभालकर रखने के लिए देते थे। दो दिन पहले ही उन्होंने निशा को 600 रुपये दिए थे। निशा ने उन रुपयों के रखे होने की जानकारी अपने हाथ पर लिख रखी थी कि पापा जो रुपये आप दिए थे वह फला बाक्स में रखे हैं, ले लेना।