दरभंगा के मनीगाछी थाना क्षेत्र के राजे लीलाबाबू टोल में बुधवार सुबह करीब सात बजे एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान राम अवतार यादव की पत्नी गुंजा देवी (22) के रूप में हुई है। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा गले में गमछा लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मृतका के नाना रामविलास यादव ने बताया कि मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के सिंघासो निवासी अवधेश यादव की पुत्री गुंजा की शादी करीब ढाई वर्ष पहले राम अवतार यादव से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति की ओर से बाइक और रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर गुंजा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और वह इसकी जानकारी अपने मायके वालों को देती रहती थी।

स्वजन का आरोप है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे गले में गमछा लगाकर घर के बनेड़ी में टांगकर उसकी हत्या कर दी गई। सुबह जब उसकी मां आशा देवी ने बेटी से बात करने के लिए फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसके पति ने फोन उठाकर बताया कि आपकी बेटी अब नहीं रही। यह सुनते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, जहां गुंजा चौकी पर मृत अवस्था में मिली और घर के अन्य सदस्य मौके से फरार थे। मृतका की कोई संतान नहीं थी।

सूचना मिलने पर मनीगाछी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विवाहिता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।