दरभंगा में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के पास औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है। शनिवार को आईटीआई में आयोजित दीक्षा समारोह एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने कहा कि इससे सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बनेंगे और स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में काम मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का एक करोड़ युवाओं को रोजगार एवं अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, जिसमें आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में विभिन्न ट्रेडों के मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। फिटर ट्रेड के कृष्णा कुमार ने 1200 में 1140 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की रूपम कुमारी 1137 अंकों के साथ दूसरे और टर्नर ट्रेड के सुमन कुमार 1125 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सभी 13 ट्रेडों में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आए करीब 40 प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को रोजगार का महत्वपूर्ण आधार बताया। दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. चंदन कुमार ने अनुशासन, कौशल विकास और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय पर जोर दिया। सहायक निदेशक नीतीश सिन्हा ने प्रशिक्षुओं से नई तकनीक, डिजिटल पहल, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ने की अपील की। राजकीय पालिटेक्निक के प्राचार्य अभय कुमार शर्मा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुरूप प्रशिक्षण और मशीनों के उन्नयन को जरूरी बताया।
संस्थान के उप प्राचार्य बबलू कुमार यादव ने बताया कि यहां के प्रशिक्षु इसरो और डीआरडीओ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम कर रहे हैं। संस्थान में टाटा टेक्नोलाजीज उत्कृष्टता केंद्र, प्रशिक्षुता, इंटर्नशिप और कौशल विकास योजनाओं की सुविधाएं उपलब्ध हैं, साथ ही आठ बिहार बटालियन राष्ट्रीय कैडेट कोर के तहत प्रशिक्षण की व्यवस्था भी है। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने झिझिया, कजरी, उगना और सामा-चकेवा की प्रस्तुति देकर मिथिला की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। प्राचार्य विकास कुमार रजक ने अतिथियों का पौधा और मिथिला की पारंपरिक पाग-चादर देकर स्वागत किया।
