धर्मशाला के चीलगाड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 27 वर्षीय युवती का अधजला शव सड़क किनारे मिला है। युवती की पहचान शबनम पुत्री चरण दास निवासी वार्ड नंबर छह, चीलगाड़ी के रूप में हुई है। उसका शव घर के समीप जली हुई अवस्था में पाया गया। सुबह करीब सात बजे पुलिस थाना धर्मशाला को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार शबनम मूल रूप से गांव करेरी की रहने वाली थी और वर्ष 2023 से अपने माता-पिता, तीन बहनों और एक भाई के साथ चीलगाड़ी में रह रही थी। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और अपनी बहन के साथ चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में काम भी करती थी। करीब 10-11 दिन पहले ही वह चंडीगढ़ से घर लौटी थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब छह बजे शबनम घर से बाहर निकली थी। कुछ समय बाद उसके माता-पिता और स्थानीय लोगों ने घर से दिखाई देने वाले स्थान पर आग जलती देखी। मौके पर पहुंचने पर शबनम आग की चपेट में थी। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल युवती के माता-पिता घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर अनजान हैं। उसकी बहन चंडीगढ़ से धर्मशाला पहुंच रही है, और पुलिस को उसके बयान से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
