गाजियाबाद में पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 की चिकित्सा परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर 30-30 हजार रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार तीन आरोपितों को शुक्रवार को मेरठ स्थित एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में तैनात रहे आरक्षी रहीश खान, हेड क्लर्क सुंदर सिंह और मसूरी के समयपुर निवासी बाहरी व्यक्ति चेतन शामिल हैं। तीनों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि ये लोग अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर रकम वसूल रहे थे। अब तक की जांच में दो अभ्यर्थियों से 30-30 हजार रुपये नकद लेने की बात सामने आई है।
पुलिस आरोपितों का कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपितों ने कितने अभ्यर्थियों से संपर्क किया और कितने लोगों से रकम वसूली गई। इसके लिए तीनों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई जा रही है और वाट्सएप व अन्य चैट की जांच की जा रही है। जांच में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी संदिग्ध सामने आ रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों का स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम में शामिल किसी सदस्य से संपर्क था या नहीं। पीएसी के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
