गाजीपुर के बहरियाबाद क्षेत्र के भरतपुर गांव में शुक्रवार रात एक साथ तीन तेंदुए देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पंजों के ताजा निशानों के आधार पर तेंदुओं की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गांव के निवासी रामअवध सिंह और कोटेदार खूबेलाल सिंह के घर के पास ग्रामीणों ने तीन तेंदुओं को विचरण करते देखा। तीनों को एक साथ देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और शोर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भयभीत ग्रामीणों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित अंदर कर लिया। ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर लाठी-डंडों के सहारे पहरा दिया और घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन व वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल तथा आसपास के खेतों और रास्तों पर गहन छानबीन की। अधिकारियों के मुताबिक, गांव की आबादी के आसपास तेंदुओं के पैरों के ताजा निशान मिले हैं, जिससे उनके यहीं कहीं छिपे होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों और वनकर्मियों के अनुसार, भरतपुर गांव आजमगढ़ जनपद की सीमा से सटा हुआ है और बेसों नदी के किनारे स्थित है। अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुए नदी के कछार और झाड़ियों के रास्ते भटककर गांव की सीमा तक पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि ये वही तेंदुए हैं जिन्हें वन विभाग पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लाकर चंदौली जिले में लगातार छोड़ रहा है।
फिलहाल वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है और संभावित ठिकानों पर कांबिंग करते हुए तेंदुओं की तलाश में जुटी हुई है। विभाग ने ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और अंधेरा होने के बाद या रात के समय अकेले घर से बाहर न निकलें। खेतों की ओर जाते समय समूह में चलने, टॉर्च व लाठी साथ रखने और मवेशियों को सुरक्षित बाड़ों में बांधने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तेंदुए के दोबारा दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने को कहा गया है।
