गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को एक ऑर्केस्ट्रा पर छापामारी कर चार नाबालिग किशोरियों को बरामद किया। ये सभी किशोरियां राजस्थान की रहने वाली बताई जा रही हैं। कार्रवाई नई दिल्ली स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन की टीम के साथ की गई। छापामारी एसएच-90 किनारे रेवतिथ स्कूल के समीप संचालित सनम ऑर्केस्ट्रा में हुई। ऑर्केस्ट्रा संचालक मौके से फरार हो गया।

रेस्क्यू फाउंडेशन के जांच अधिकारी संजय कुमार गुप्ता के लिखित आवेदन पर शुक्रवार को ऑर्केस्ट्रा संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। छापामारी अभियान में संजय कुमार गुप्ता, गोपालगंज में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर शशि सपना और बैकुंठपुर थाने के एसआई बिरजू पासवान शामिल थे। टीम ने परिसर की जांच के दौरान चारों किशोरियों को बरामद किया।

आवेदन के अनुसार, पूछताछ में किशोरियों ने आरोप लगाया कि ऑर्केस्ट्रा की आड़ में उनका शोषण किया जाता था। उन पर अश्लील नृत्य और अश्लील हरकतें करने के लिए दबाव बनाया जाता था। किशोरियों के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस संचालक की तलाश के साथ यह भी पता लगा रही है कि किशोरियों को राजस्थान से यहां किस माध्यम से लाया गया था।

बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा को लेकर 18 मार्च को भी कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद दोबारा ऑर्केस्ट्रा में चार नाबालिग किशोरियों के मिलने से नाबालिगों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पूर्व की कार्रवाई और वर्तमान मामले के बीच कड़ी की भी जांच कर रही है। थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार ने बताया कि बरामद सभी नाबालिग किशोरियों को पुलिस अभिरक्षा में बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा गया है। मामले में प्राथमिकी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।