गोपालगंज के बरौली प्रखंड के पेट विरेचा गांव की सविता कुमारी ने बीपीएससी 2025-26 परीक्षा में सफलता हासिल कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी (डीएसओ) का पद प्राप्त किया है। उनके पिता जुलुम मांझी खेती करते हैं और परिवार का खर्च चलाने के लिए ताड़ी भी बेचते हैं। साधारण आर्थिक स्थिति के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी।
सविता की प्रारंभिक शिक्षा गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने श्रीकांत डिग्री कॉलेज, बेलवनवा, कुचायकोट से आगे की पढ़ाई पूरी की। कॉलेज के दिनों से ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी। बीपीएससी की बेहतर तैयारी के लिए वह पटना गईं और कोचिंग भी की। सरकारी स्कूल से पढ़ाई करने के कारण शुरुआत में उन्हें विस्तृत पाठ्यक्रम समझने में कठिनाई हुई, लेकिन उन्होंने इसे बाधा नहीं बनने दिया।
सविता के लिए सफलता की राह आसान नहीं थी। बीपीएससी की तैयारी के दौरान उन्हें दो बार असफलता का सामना करना पड़ा। ऐसे में पिता का भरोसा हमेशा उनके साथ रहा और वह हर बार बेटी को एक और प्रयास करने के लिए प्रेरित करते रहे। सविता बताती हैं कि उनका सपना शुरू से ही बीपीएससी में सफल होकर अधिकारी बनने का था और उनकी मां भी चाहती थीं कि बेटी पढ़-लिखकर बड़ी अधिकारी बने। पिता के विश्वास और अपने संकल्प के दम पर उन्होंने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
बेटी की सफलता से पिता जुलुम मांझी भावुक हैं। उन्होंने बेटी की पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास किया। जुलुम मांझी बताते हैं कि उनकी पत्नी की इच्छा थी कि बेटी पढ़-लिखकर अधिकारी बने। आज बेटी ने उनका सपना पूरा कर दिया है, लेकिन पत्नी इस खुशी को देखने के लिए दुनिया में नहीं हैं।
