गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान बैकहो लोडर की चपेट में आने से भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। एम्स थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात उसे पकड़ा। पुलिस के अनुसार, बिट्टू स्वागत समारोह का आयोजक था और उसी ने रोड शो के लिए बैकहो लोडर किराये पर बुलाया था।
मामले में पहले लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों और वादी के दूसरे प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमे में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं भी जोड़ी गईं। इस मामले में 66 लोगों को आरोपित बनाया गया है। चालक और चार सपा नेताओं को शुक्रवार की शाम हत्या के मामले में जेल भेजा गया था।
पुलिस बैकहो लोडर चालक समेत पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बिट्टू की गिरफ्तारी के बाद खोराबार निवासी बैकहो लोडर मालिक मनोज मिश्रा की तलाश तेज कर दी गई है और पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। हिरासत में लिए गए अन्य लोगों से पूछताछ जारी है और रोड शो में शामिल वाहनों तथा उनके संचालन से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि अन्य आरोपितों की पहचान कराई जा रही है और जल्द ही सबको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
