गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हो गई। कच्छ में ट्रक और कार की टक्कर में सात लोगों की जान गई, जबकि जूनागढ़ के केशोद में एक कार पलटकर आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई।

कच्छ में शनिवार रात करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर एक ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक तीन महीने की बच्ची भी है। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से थे। वे रण ऑफ कच्छ घूमकर भुज लौट रहे थे। कार के मलबे में फंसे शवों को निकालने में बचाव दल को कई घंटे लगे।

मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और उनकी तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात साल की बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार साल की बेटी वामिका की भी मौत हुई है।

दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही तेज रफ्तार लाल रंग की स्विफ्ट कार मोड़ पर सड़क किनारे पत्थर से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई। कार में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोग सवार थे, जिनमें से दो पुरुषों और एक महिला की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 25 से 27 साल थी।

हादसे में इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा बच गईं। बताया गया है कि वह कार की आगे वाली सीट पर बैठी थीं और टक्कर के दौरान शीशा टूटने से वह बाहर उछलकर पास के खेत में जा गिरीं। उन्हें एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, इमरजेंसी 112 और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।