गुरुग्राम नगर निगम के सेक्टर-34 स्थित कार्यालय में दो महिला सफाई कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के मामले में निगम प्रशासन ने कार्रवाई की है। ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने और एक महिला कर्मचारी का पक्ष लेने के आरोप में जूनियर इंजीनियर (जेई) संजीत कुमार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि विवाद में शामिल महिला सफाई कर्मचारी भारती की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय में तैनात दो महिला सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में जेई संजीत कुमार की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई थी। उन पर आरोप था कि उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरती और एक महिला सफाई कर्मचारी का पक्ष लिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मेयर कार्यालय की ओर से निगमायुक्त को जेई के विरुद्ध कार्रवाई करने की सिफारिश की गई थी। इस सिफारिश के बाद नगर निगम के अतिरिक्त निगमायुक्त ने कार्रवाई करते हुए जेई संजीत कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी किए।

वहीं, निजी एजेंसी के माध्यम से निगम में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारी भारती की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए गए। इसके बाद एजेंसी ने भारती की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।