कर्नाटक के हावेरी जिला अस्पताल में शुक्रवार रात एक महिला अटेंडेंट के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है। आरोपी पर मोबाइल चोरी का भी शक है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे की है, जब एक अज्ञात व्यक्ति अस्पताल के वार्ड में घुस आया। फुटेज के अनुसार आरोपी ने फर्श पर सो रही महिला अटेंडेंट का कंबल खींचा और उसे गलत तरीके से छुआ। महिला तुरंत जाग गई और उसने शोर मचाते हुए आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया।
शोर सुनकर वहां मौजूद अन्य लोग भी जाग गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। जब आरोपी वार्ड से भागने लगा, तो एक व्यक्ति ने उसका कॉलर पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। हालांकि, आरोपी किसी तरह लोगों को धक्का देकर वहां से भागने में कामयाब हो गया। आरोपी पर पिछले हफ्ते अस्पताल से कम से कम 10 मोबाइल फोन चुराने का भी शक है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था, खासकर रात के समय की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि आरोपी की पहचान की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए।
