नेशनल हेल्थ अकाउंट्स (एनएचए) 2023-24 और कैग की रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक देश में इलाज का खर्च आम परिवारों के लिए भारी बोझ बना हुआ है। 21 प्रमुख राज्यों में से 10 में इलाज के कुल खर्च का 40% से 67.1% तक हिस्सा परिवार खुद उठा रहे हैं। मेडिकल स्टोर से खरीदी गई दवाओं का 99.93% और निजी जांच केंद्रों पर होने वाले खर्च का 96.4% बोझ भी जनता पर ही है।

रिपोर्ट के मुताबिक स्वास्थ्य के नाम पर वसूले गए हेल्थ सेस के 43,426 करोड़ रुपए निर्धारित खाते में ट्रांसफर ही नहीं हुए। वहीं, 2019-20 से 2023-24 के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय अपने आवंटित बजट में से 1,32,749 करोड़ रुपए खर्च नहीं कर सका और ये राशि वापस खजाने में लौट गई।

सरकारें जीडीपी का 2.5% स्वास्थ्य पर खर्च करने का लक्ष्य रखती हैं, लेकिन वास्तविक खर्च इससे कम है। आम परिवार अपनी बचत का बड़ा हिस्सा दवाइयों और अस्पतालों पर खर्च कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि दवा और जांच में सरकारी मदद न के बराबर है।

रिपोर्ट की मानें तो जब तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त दवा और जांच की व्यवस्था मजबूत नहीं होगी, तब तक बीमा योजनाओं के बावजूद आम आदमी की जेब पर बोझ कम नहीं होगा।