हिसार के बरवाला में बाडो पट्टी टोल के पास जेवर मार्ग पर सीआईए-1 की टीम और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य के बीच मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से दो-दो राउंड फायरिंग हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए हिसार भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सीआईए-1 की टीम ने कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी ने पिछले दिनों करनाल के एक सरपंच और रोहतक के एक स्कूल संचालक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। घायल आरोपी हिसार जिले का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस ने वारदात स्थल को सील कर दिया है। मौके पर हिसार सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर करमजीत सिंह और सब इंस्पेक्टर नवीन सहित पुलिस के कई कर्मचारी मौजूद हैं।
