प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल यानी नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। इसके बाद बिहार में गंगा नदी पर बन रहे पुलों की प्रगति और समय-सीमा पर चर्चा तेज हो गई है। पथ निर्माण विभाग की टाइमलाइन के अनुसार अगले वर्ष गंगा पर चार नए पुलों को परिचालन के लिए तैयार करने का लक्ष्य है।
पटना से हाजीपुर को सीधी कनेक्टिविटी देने वाले गांधी सेतु के समानांतर बन रहे फोर लेन पुल का 73 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस पुल का काम इस वर्ष दिसंबर तक पूरा होना था, पर अब नई समय-सीमा दिसंबर 2027 की है। पुल के एप्रोच रोड का 75 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो गया है और सेगमेंट लांचिंग अंतिम चरण में है। वहीं, पुल सेक्टर में बिहार के पहले पीपीपी मोड के तहत बन रहे बख्तियारपुर-ताजपुर फोर लेन पुल पर अगले वर्ष अक्टूबर में परिचालन शुरू होने की जानकारी है। इसका लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है, जबकि फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का काम 100 फीसद तक पूरा हो चुका है।
भागलपुर के सुल्तानगंज से खगड़िया के अगवानी घाट के बीच गंगा पर बन रहे फोरलेन पुल का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। डिजाइन की वजह से इसका सुपर स्ट्रक्चर दो बार गिरा था। अब आईआईटी रुड़की और गुवाहाटी के विशेषज्ञों की देख-रेख में इसका निर्माण शुरू है। साथ ही, भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे पुल को मई 2027 में पूरा होना था, पर अब यह मार्च 2029 में पूरा होगा।
पटना के शेरपुर से सारण के दिघवारा के बीच गंगा पर बन रहे छह लेन पुल को सितंबर 2027 तक पूरा करने की टाइमलाइन है, पर यह संभव नहीं दिख रहा। कहा जा रहा है कि यह 2028 में पूरा हो सकता है। यह परियोजना 580 मीटर जमीन अधिग्रहण के कारण धीमी गति में है। यह पुल शेरपुर से पटना रिंग रोड को भी अपनी संपर्कता दे रहा है।
