हिमाचल प्रदेश की कुल्लू घाटी में जापानी फल की खेती बागवानों के लिए कम लागत में बेहतर आमदनी का विकल्प बन रही है। पतलीकूहल सब्जी मंडी में इन दिनों यह फल 100 से 180 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जिससे बागवानों में खुशी है। सेब की खेती में बढ़ते खर्च और मेहनत के बीच बागवान इसकी ओर लगातार रुझान बढ़ा रहे हैं।

बागवानों के अनुसार, सेब की फसल के लिए सालभर कई बार दवाओं का छिड़काव करना पड़ता है और खाद, मजदूरी व अन्य बागवानी कार्यों पर काफी पैसा खर्च होता है। इसके मुकाबले जापानी फल की खेती में अभी लागत कम आ रही है। कम छिड़काव के कारण इस फल को लगभग जैविक तरीके से तैयार होने वाले फल के रूप में भी बाजार में पहचान मिल रही है।

हालांकि, जापानी फल की बढ़ती खेती के बीच पौधों में बीमारियों के लक्षण भी सामने आने लगे हैं। कुछ पौधों के पत्तों के आसपास कालिख जैसी परत दिखाई दे रही है, जिससे बागवानों को भविष्य में फल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है। कुल्लू फलोत्पादक मंडल के पूर्व महामंत्री राजीव ठाकुर ने उद्यान विभाग से जापानी फल के लिए वैज्ञानिक स्प्रे शेड्यूल तैयार करने की मांग की है, ताकि विशेषज्ञों की सलाह से दवाइयों के इस्तेमाल का समय निर्धारित हो सके।

उद्यान विभाग कुल्लू के उपनिदेशक राज कुमार ने बताया कि अभी तक जापानी फल के लिए विभाग की ओर से कोई आधिकारिक स्प्रे शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। भविष्य में इसे तैयार करने की संभावना है।