मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के पास एक पार्क में कपल पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि 20 नवंबर को जब कपल तस्वीरें ले रहा था, तब वहां मौजूद कुछ लड़कों ने उन पर टिप्पणियां कीं। आपत्ति जताने पर लड़कों ने कपल पर डंडों से हमला किया और उनका पीछा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने इस मामले में आठ लड़कों को हिरासत में लिया है, जिनकी उम्र 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। कपल की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। डीसीपी गणेश शिंदे के अनुसार, कानूनी कार्रवाई के लिए कपल को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।
वायरल वीडियो में आरोपी लड़के कपल पर डंडों से हमला करते और सीढ़ियों पर उनका पीछा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि लड़कों ने पुरुष साथी के चेहरे पर घूंसा मारा और उसे पीछे से लात भी मारी।
भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने दावा किया है कि मारपीट का शिकार हुआ कपल हिंदू है और आरोपी लड़के मुस्लिम समुदाय से हैं। उन्होंने कहा कि पांच लड़कों के माता-पिता को नोटिस भेजा गया है। शिव सेना (यूबीटी) के नेता इंतेखाब फारुकी ने भी घटना की निंदा की है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पार्क पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और सुरक्षा पर सवाल उठाए।
