मुंबई: विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार रात दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SP) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब अटकलें लगाई जा रही हैं कि पवार की पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन कर सकती है। दिल्ली रवाना होने से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लड़ाई जारी है और सब ठीक है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल महाराष्ट्र कांग्रेस के एक नेता के अनुसार, राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने 85 वर्षीय शरद पवार का हालचाल जाना और उनसे परिसीमन विधेयक का समर्थन न करने का आग्रह किया। पवार ने कहा कि वह इस मामले पर चर्चा करेंगे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि हमने अपनी बात रख दी है। उम्मीद है कि उन्होंने (शरद पवार) हमारी बात समझ ली होगी और वह हमारा समर्थन करेंगे। देश हमेशा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पवार हमेशा धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ खड़े रहे हैं और उम्मीद है कि वह INDIA गठबंधन की मदद करेंगे। महाराष्ट्र कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, INDIA के नेता जब अस्पताल पहुंचे, तब NCP-SP की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले वहां मौजूद नहीं थीं, लेकिन पवार की बेटी और दामाद उनके साथ थे। रात करीब साढ़े 10 बजे सुले के व्हाट्सऐप स्टेटस पर एक संक्षिप्त संदेश दिखाई दिया, जिसमें सिर्फ 'दिल्ली' लिखा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अस्पताल से निकले, लेकिन उन्होंने बाहर इंतजार कर रहे मीडियाकर्मियों से कोई बातचीत नहीं की। शरद पवार निर्जलीकरण की शिकायत के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

इससे पहले प्रतिनिधिमंडल के सदस्य चेन्नई में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने के बाद मुंबई हवाई अड्डे पहुंचे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी मुंबई नहीं आईं। वह स्टालिन से मुलाकात करने के लिए विपक्षी नेताओं के साथ चेन्नई गई थीं। शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे और प्रदेश कांग्रेस के नेता हवाई अड्डे पर INDIA के नेताओं की अगवानी के लिए मौजूद थे। आठ सांसदों वाली NCP (SP) ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। पार्टी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन सुप्रिया सुले कई मौकों पर संकेत दे चुकी हैं कि उन्हें इस विधेयक का समर्थन करने से परहेज नहीं है। सुले के भतीजे और पार्टी विधायक रोहित पवार ने उन्हें एक खुला पत्र लिखकर फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र-शासित प्रदेश के लिए सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं में सदस्यों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रस्ताव है। साथ ही, सीटों के नये आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का भी प्रस्ताव है। केंद्र सरकार ने दावा किया है कि उसे लोकसभा के 371 सदस्यों का समर्थन मिल गया है, जो संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत से काफी अधिक है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं के अनुसार, परिसीमन से जुड़ा यह विधेयक लोकतंत्र के लिए खतरा है। उनका आरोप है कि इससे राजनीतिक दलों को अपने पक्ष में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने का मौका मिलेगा, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ दिया गया है। स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी का रुख 'तमिलनाडु पहले' का है और राज्य की राजनीतिक ताकत को अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखने का एकमात्र तरीका विधेयक का समर्थन करना है।