जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में शिव मंदिर के सामने मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो गोलीबारी तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने भाग रहे तीन युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना स्थल से खोखा या हथियार बरामद नहीं हो सका है।
पुलिस ने तीनों युवकों का सदर अस्पताल में इलाज कराया, जहां एक युवक की छाती में फ्रैक्चर पाए जाने पर उसे पटना रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान काकन बेलदरिया गांव निवासी महेश चौहान के पुत्र प्रेम कुमार, काकन निवासी सचिन कुमार और ढंड गांव निवासी सकिन्द्र राम के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। रेफर किए गए प्रेम कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ित कपिल यादव ने बताया कि वह सेंट्रल जेल से अपने घर प्रतापपुर जा रहे थे, तभी शिव मंदिर के सामने तीन युवकों ने उन्हें रोककर बाइक लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों को आता देख आरोपित भागने लगे। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मड़वा पहाड़ की ओर भागते हुए गोलीबारी करने लगे। डायल 112 की पुलिस और ग्रामीणों ने पीछा कर ढंड गांव में उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों का कहना है कि वे कुंदर डैम की ओर से घर लौट रहे थे और पीछे से बाइक का हॉर्न बजाया गया था, जिसे वे सुन नहीं पाए, इसके बाद कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीण गनौरी यादव ने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले कपिल यादव के भाई बंटी यादव के साथ भी छिनतई का प्रयास किया गया था, जिसमें सचिन महतो और प्रेम कुमार जेल गए थे। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि लखन धनामा गांव में हार्वेस्टिंग मशीन को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रतापपुर गांव के पास हुई गोलीबारी की घटना की जांच की जा रही है और तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
