कानपुर में रेलवे ट्रैक पर पोल रखकर भागने के आरोपी को जीआरपी और आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे कानपुर सेंट्रल शेषमणि उपाध्याय के अनुसार, मामला रेलवे का पोल चोरी करने से जुड़ा है और आरोपित के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 152 में मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक ऐसी कोई जानकारी या साक्ष्य सामने नहीं आए हैं, जिनसे यह साबित हो कि आरोपित का मकसद ट्रेन पलटाना था।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को आरोपित रेलवे का पोल चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहा था। वह पोल लेकर निकल नहीं सका और उसे रेलवे ट्रैक पर ही छोड़कर भाग गया। इस कारण वहां से गुजर रही ट्रेन को काफी देर तक रोकना पड़ा था।
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों से जुड़े 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद रविवार को आरोपित को हैरिसगंज पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद सलीम उर्फ सनी उर्फ राजू निवासी ग्राम जुबैरगंज, खान होटल के पास, थाना रौनाही, जिला अयोध्या के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रेलबाजार थाना क्षेत्र स्थित लाल डिग्गी में कबाड़ी मार्केट, बिल्ला बौंग स्कूल के पास रह रहा था। गिरफ्तार करने वाली टीम में जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार, सुनील यादव, नीरज कुशवाहा, शिव सिंह, योगेश यादव, वैश खान, सत्येंद्र सिंह आदि शामिल रहे।
