ओडिशा के पुरी में महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की करीब 100 साल पुरानी 81 एकड़ से अधिक जमीन पर उनका मालिकाना हक फिर से बहाल हो गया है। ओडिशा राजस्व परिषद के ऐतिहासिक फैसले के बाद पुरी सदर तहसील के समंगरा मौजा में इस जमीन का राजस्व रिकॉर्ड महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के नाम पर संशोधित कर दिया गया है। इस जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1060 करोड़ रुपये है। पुरी तहसीलदार ने परिषद के निर्देश पर रिकॉर्ड में संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

यह जमीन पुरी नगर निगम क्षेत्र में श्रीजगन्नाथ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के समीप स्थित है। पुरी-कोणार्क मरीन ड्राइव के नजदीक होने के कारण इसका व्यावसायिक महत्व भी काफी अधिक है। यह भूमि महाप्रभु की ऐतिहासिक 'सतैईस हजारी महाल' संपत्ति का हिस्सा है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, पहले रथयात्रा के दौरान 'काला बेठिया सेवा' करने वाले कुछ सेवायतों को इस जमीन के भोग-दखल का अधिकार दिया गया था, लेकिन उन्हें कभी इसका पूर्ण मालिकाना हक नहीं मिला। इसके बावजूद वर्ष 1927 के बंदोबस्त में जमीन दूसरे लोगों के नाम दर्ज कर दी गई। बाद में 1939 की नीलामी और 1942 के अपंजीकृत लीज दस्तावेज के आधार पर भी दूसरे पक्षों ने जमीन पर दावा किया। जांच में 48 प्लाटों के विभिन्न हिस्सों पर अनधिकृत कब्जे की बात भी सामने आई।

परिषद ने स्पष्ट किया कि लंबे समय तक कब्जा या राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज होना अपने आप में वैध मालिकाना हक का प्रमाण नहीं है। इसके बाद जमीन का रिकॉर्ड महाप्रभु श्रीजगन्नाथ बिजे, पुरी, मार्फत श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति के नाम पर दर्ज कर दिया गया।