परिवहन विभाग ने बस यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा, पूर्वांचल और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर 26 और 27 नवंबर को विशेष जांच अभियान चलाया। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर चले इस अभियान में स्लीपर बसों पर विशेष नजर रखी गई। अपर परिवहन आयुक्त केडी सिंह गौर के अनुसार, ऑपरेशन सेफ्टी के तहत दो दिनों में कुल 425 वाहनों की जांच की गई, जिनमें निर्धारित सीट क्षमता, अतिरिक्त सवारियों, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण, बस बॉडी कोड, परमिट और चालकों के नशे में होने की जांच शामिल रही।
जांच में अनुमन्य क्षमता से अधिक सीटें मिलने पर 14 बसों का चालान और एक बस बंद की गई। सीट क्षमता से अधिक सवारियां ढोने पर 19 बसों का चालान किया गया। आपातकालीन निकास क्रियाशील न होने पर 12 बसों का चालान और अग्नि सुरक्षा उपकरण खराब मिलने पर 10 बसों का चालान किया गया, जबकि चार बसें निरुद्ध की गईं। परमिट शर्तों के उल्लंघन में 86 बसों का चालान किया गया।
तीनों एक्सप्रेस-वे पर माल वाहनों में सवारी ढोने के मामले में 12 वाहनों का चालान किया गया और दो माल वाहन बंद किए गए। कुल मिलाकर इस दो दिवसीय अभियान में 152 वाहनों का चालान किया गया और 26 वाहन विभिन्न थानों में बंद कराए गए। इस कार्रवाई में 61.65 लाख रुपये प्रशमन शुल्क और 2.62 लाख रुपये टैक्स वसूला गया।
