मध्य प्रदेश सरकार विधानसभा के शीतकालीन सत्र में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है। सत्र 7 दिसंबर से शुरू हो रहा है। बजट को अंतिम रूप देने और दुग्ध सहकारी समितियों के गठन से जुड़े नियमों में संशोधन सहित करीब 15 प्रस्तावों पर सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता वाली कैबिनेट बैठक में विचार होना प्रस्तावित है।
अनुपूरक बजट में मुख्य रूप से अधोसंरचना निर्माण से जुड़े विभागों की जरूरतों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। सड़क, पुल और भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि का प्रविधान किया जा सकता है। कैबिनेट बैठक में वर्ष 2031 तक निरंतर जारी रहने वाली योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति देने के प्रस्ताव भी शामिल हैं।
सरकार दुग्ध सहकारी समितियों के गठन की प्रक्रिया आसान बनाने जा रही है। फिलहाल समिति बनाने के लिए कम से कम 21 सदस्यों की आवश्यकता होती है, जिसे घटाकर 10 करने का प्रस्ताव कैबिनेट में रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद सहकारी अधिनियम में संशोधन का विधेयक विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि सदस्य संख्या की अनिवार्यता कम होने से ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी दुग्ध उत्पादक इकाइयों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ना आसान होगा। इससे दूध के संग्रहण और विपणन नेटवर्क के विस्तार को भी बढ़ावा मिल सकता है।
