कोटद्वार के रिखणीखाल में हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें सात महिलाएं शामिल थीं। हादसे के बाद परिजन अपनों के शवों को घर नहीं ले जा सके, क्योंकि गांव तक पक्की सड़क नहीं है और करीब दो किलोमीटर का विकट पैदल रास्ता तय करना पड़ता है। इसके चलते स्वजनों ने हरिद्वार में अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई।
प्रखंड रिखणीखाल की ग्रामसभा भंगल्वाण में ग्राम भंगल्वाण और ग्राम कांडईधार तोक शामिल हैं। ग्रामसभा में करीब साठ परिवार रहते हैं, जिनमें चालीस परिवार भंगल्वाण में और बीस परिवार कांडईधार में हैं। शनिवार को हुए हादसे में चालक अनिल को छोड़ अन्य सभी मृतक कांडईधार के निवासी थे। भंगल्वाण तक पहुंचने के लिए सतपुली-धारकोट-रिखणीखाल मोटर मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है, जबकि कांडईधार के लिए करीब आधा किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होती है।
हादसे के बाद कार में सवार सभी तेरह लोगों को रिखणीखाल के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां आठ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन चाहते थे कि अपनों के शव घर ले जाकर गांव के पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार किया जाए, लेकिन विषम भौगोलिक परिस्थितियों के आगे उनकी इच्छा पूरी नहीं हो सकी। रिखणीखाल से कांडईधार तक सात महिलाओं के शव ले जाना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि इसके लिए करीब दो किलोमीटर का पगडंडीनुमा रास्ता तय करना पड़ता। गांव से पैतृक घाट तक भी करीब तीन किलोमीटर की दूरी है। रास्ते में झाड़ियां उगी हैं और सात शवों के अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियों की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती थी। ऐसे में स्वजनों ने हरिद्वार में अंतिम संस्कार करने पर सहमति व्यक्त की।
रविवार को ग्रामसभा भंगल्वाण में सन्नाटा पसरा रहा। मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए ग्रामसभा और आसपास के गांवों के लोग हरिद्वार व कोटद्वार की ओर गए। ग्राम कांडईधार में जिस परिवार की पांच महिलाएं हादसे की शिकार हुईं, वहां आंसू बहा रही महिलाओं को सांत्वना देने वाला कोई नहीं था। अन्य परिवारों की भी यही स्थिति रही। ग्रामीण लंबे समय से ग्रामसभा भंगल्वाण को सड़क से जोड़ने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग अब तक अनसुनी बनी हुई है।
