नोएडा के सेक्टर-143 स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी में शनिवार को दो मित्रों के बीच बीयर को लेकर कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक ने पिस्टल निकाली और उससे अचानक गोली चल गई, जो तुषार के चेहरे पर लगी। गोली लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को आरोपी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ओल्ड फरीदाबाद निवासी तुषार पिछले कई महीनों से सेक्टर-143 की एसकेए ओरियन सोसाइटी की 16वीं मंजिल पर एक किराए के फ्लैट में रह रहा था। शनिवार को उसका परिचित सौरभ शर्मा, जो फरीदाबाद का ही निवासी है, उससे मिलने फ्लैट पर पहुंचा। दोनों की दोस्ती उस समय की है जब वे दिल्ली के एक क्लब में साथ काम करते थे, लेकिन इस समय दोनों बेरोजगार थे। फ्लैट में दोनों शराब का सेवन कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बीयर खत्म होने पर दोनों के बीच तकरार शुरू हो गई और पुरानी बातों को लेकर विवाद और गहरा गया। झगड़े के बीच सौरभ ने तुषार को धमकाने के लिए अपनी पिस्टल बाहर निकाली। इसी दौरान उसके हाथ से अनजाने में गोली निकल गई, जो तुषार के चेहरे को लगी और वह वहीं जमीन पर गिर गया। इसके बाद सौरभ वहां से फरार हो गया।
गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल तुषार को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता प्रमोद ने सौरभ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया। एसीपी केके वर्मा के अनुसार, पुलिस ने आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
