कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड संख्या-13 में शादी के महज 24 घंटे बाद दूल्हे की मौत हो गई। मृतक की पहचान डॉक्टर पवन कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पोठिया बाजार के रहने वाले थे और पटना में पदस्थापित थे। उनकी शादी 25 नवंबर को चांदपुर में हुई थी और 26 नवंबर को भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाई गूंज रही थी और नई दुल्हन के स्वागत में मेहमान जुटे थे, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया।
मृतक के भाई श्रवण कुमार ने बताया कि रिसेप्शन के अंतिम समय में पवन अपनी पत्नी के साथ फोटोशूट करवा रहे थे। समारोह की समाप्ति के करीब कई मेहमान खाना खाकर लौट रहे थे। फोटोशूट खत्म होने के बाद डॉक्टर पवन अचानक मंच पर गिर पड़े, जिसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत उन्हें सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की। श्रवण कुमार के अनुसार, इस दौरान उनके मुंह से खून निकला और जांच में ब्लड प्रेशर और नब्ज की स्थिति गंभीर थी।
परिजन उन्हें फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखकर पूर्णिया जाने की सलाह दी। पूर्णिया में जांच के दौरान नब्ज और ईसीजी में कोई गतिविधि नहीं मिली। श्रवण कुमार ने बताया कि पवन को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और वे खुद चिकित्सक थे। परिजनों को गंभीर हार्ट अटैक यानी सीवियर कार्डियक अरेस्ट की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। शादी की खुशियां मनाने जुटे परिवार को कुछ ही घंटों में अपनों को खोने का दुख झेलना पड़ा।
