राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव गुरुवार को लंबे अरसे बाद अपने पैतृक जिले गोपालगंज पहुंचे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य भी थीं। लालू ने इस दौरे को पूरी तरह पारिवारिक बताया है। परिवार जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में ठहरा है, जहां से वे उचकागांव थाना क्षेत्र के बरगछिया गांव रवाना हुए। वहां राबड़ी देवी की बहन के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा पैतृक गांव फुलवरिया जाने और प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने का भी कार्यक्रम है। लंबे समय बाद लालू के गृह जिले पहुंचने पर समर्थकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
इस पारिवारिक दौरे के बीच रोहिणी आचार्य के राजनीतिक बयान ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। गोपालगंज पहुंचीं रोहिणी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए कहा कि लालू परिवार के दिल का दरवाजा उनके लिए हमेशा खुला है। उन्होंने कहा कि वह बचपन से नीतीश कुमार को चाचा कहती आई हैं और अपनों के लिए दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं। अब चाचा नीतीश कुमार को फैसला करना है कि उन्हें क्या करना है। रोहिणी ने कहा कि लालू परिवार चाहता है कि नीतीश कुमार को हमेशा मान-सम्मान मिले, जैसा सम्मान उन्हें राजद परिवार में मिलता रहा है।
रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि सम्राट सरकार में नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को अपमानित होना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वह दूध में मक्खी की तरह दोनों पिता-पुत्र को सत्ता से बाहर कर देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री झूठे वादे करके चले जाएंगे। नीतीश सेतु के उद्घाटन पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।
रोहिणी के इस बयान को बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है। लालू यादव ने अपने दौरे को पारिवारिक कार्यक्रम तक सीमित बताया है, लेकिन नीतीश कुमार और निशांत कुमार को लेकर दिए गए बयान से कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस बयान पर जदयू और भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।
