सुबह उठने के बाद भी थकान, शरीर में लगातार कमजोरी और बिना डाइटिंग वजन कम होना—इन लक्षणों को अक्सर लोग काम के तनाव, नींद की कमी या खानपान में गड़बड़ी मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कुछ मामलों में ये शरीर में कोर्टिसोल की कमी का संकेत भी हो सकते हैं। कोर्टिसोल एक जरूरी हार्मोन है, जो शरीर को तनाव से निपटने, ब्लड शुगर नियंत्रित रखने और ब्लड प्रेशर बनाए रखने में मदद करता है। जब एड्रिनल ग्लैंड्स पर्याप्त कोर्टिसोल नहीं बना पातीं, तो इस स्थिति को एड्रिनल इनसफिशिएंसी कहा जाता है।

एनआईडीडीकेडी के अनुसार कोर्टिसोल को आमतौर पर स्ट्रेस हार्मोन कहा जाता है। इसका निर्माण किडनी के ऊपर स्थित एड्रिनल ग्लैंड्स की बाहरी परत यानी एड्रिनल कॉर्टेक्स में होता है। यह हार्मोन ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने, मेटाबॉलिज्म और इम्यून सिस्टम की गतिविधियों को नियंत्रित करने के साथ ब्लड प्रेशर बनाए रखने में भी मदद करता है। इसका स्तर पूरे दिन एक जैसा नहीं रहता; आमतौर पर सुबह यह अधिक और रात में कम होता है।

यह जरूरी नहीं कि लगातार थकान का मतलब कोर्टिसोल की कमी ही हो। नींद पूरी न होना, एनीमिया, थायरॉइड की समस्या, डायबिटीज, संक्रमण, पोषण की कमी और मानसिक तनाव भी लगातार थकान के कारण हो सकते हैं। साइंस डायरेक्ट के अनुसार, अगर थकान के साथ मांसपेशियों में कमजोरी, भूख कम लगना, पेट में दर्द, चक्कर आना और बिना स्पष्ट कारण वजन कम होना भी दिखे, तो एड्रिनल इनसफिशिएंसी की जांच पर विचार किया जा सकता है। इस स्थिति में लक्षण धीरे-धीरे विकसित हो सकते हैं।

कोर्टिसोल की कमी से ब्लड शुगर सामान्य बनाए रखना मुश्किल हो सकता है और कुछ लोगों में हाइपोग्लाइसीमिया का जोखिम भी बढ़ सकता है। क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार प्राइमरी एड्रिनल इनसफिशिएंसी में कोर्टिसोल के साथ एल्डोस्टेरोन हार्मोन की भी कमी हो सकती है, जिससे नमक और पानी का संतुलन बिगड़कर ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। मैयोक्लीनिक के मुताबिक बिना डाइटिंग या एक्सरसाइज बढ़ाए लगातार वजन घटना को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार खुद से कोर्टिसोल की कमी मानने या दवा लेने के बजाय डॉक्टर से जांच और सही इलाज कराना जरूरी है।