मगध विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शैक्षणिक व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में 33 विषयों के विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े पाठ्यक्रम की पढ़ाई कराई जाएगी।

शिक्षा विभाग में कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी की अध्यक्षता में विद्वत परिषद की बैठक हुई। इसमें एनईपी-2020 के प्रावधानों के अनुरूप स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में संशोधन, नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और शैक्षणिक नियमावली से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम्, सीसीडीसी प्रो. संजय कुमार तिवारी और अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. पीके चौधरी सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में पीजी के प्रथम सेमेस्टर में दो क्रेडिट के मूल्यवर्धित पाठ्यक्रम के रूप में 33 विषयों में भारतीय ज्ञान परंपरा को शामिल करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान, संस्कृति, परंपरा और बौद्धिक विरासत से परिचित कराना है। साथ ही एनईपी-2020 के पाठ्यक्रम एवं क्रेडिट ढांचे के आधार पर तैयार 46 विषयों के एकसमान सिलेबस को अपनाने पर भी मंथन हुआ। यह पाठ्यक्रम दो वर्षीय पीजी के तीसरे और चौथे सेमेस्टर तथा एक वर्षीय पीजी के पहले और दूसरे सेमेस्टर में लागू करने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा चार वर्षीय स्नातक कला, विज्ञान एवं वाणिज्य प्रतिष्ठा पाठ्यक्रम के आठवें सेमेस्टर के अध्यादेश एवं विनियम में प्रस्तावित संशोधन पर भी विचार कर स्वीकृति प्रदान करने का प्रस्ताव रखा गया। परिषद ने दो वर्षीय और एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए एकीकृत अध्यादेश एवं विनियम पर भी चर्चा की। यह ढांचा राजभवन सचिवालय की ओर से 4 जुलाई 2026 को जारी किया गया था, जो बिहार के विश्वविद्यालयों में पहले से लागू पीजी च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के अध्यादेश एवं विनियम का स्थान लेगा।