बागवानी करने वाले लोग चाहते हैं कि गमलों में लगे पौधे तेजी से बढ़ें और ज्यादा फूल-फल दें। कई बार महंगी खाद और दवाओं के बाद भी पौधों की ग्रोथ रुक जाती है या मिट्टी में कीड़े लग जाते हैं। ऐसे में लोग गमले की मिट्टी में माचिस की तीलियां गाड़ने का सस्ता घरेलू नुस्खा अपना रहे हैं। माली के मुताबिक, इसके पीछे खास वैज्ञानिक कारण है।

माचिस की तीली के सिरे पर लगे मसाले में मुख्य रूप से सल्फर और फास्फोरस जैसे तत्व होते हैं। माली बताते हैं कि ये दोनों तत्व पौधे के विकास, जड़ों की मजबूती और मिट्टी की उर्वरता के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। मिट्टी में डालने पर ये धीरे-धीरे घुलकर पौधे को पोषण देते हैं।

इस नुस्खे के लिए 3 से 4 बिना जली माचिस की तीलियां लें और उन्हें गमले की मिट्टी में उल्टा गाड़ दें। तीली का मसाले वाला हिस्सा मिट्टी के अंदर गहराई में दबा रहे और लकड़ी वाला हिस्सा थोड़ा ऊपर दिखे। तीलियों को पौधे की मुख्य जड़ से थोड़ी दूरी पर लगाएं। पानी डालने पर मिट्टी की नमी से सल्फर और फास्फोरस घुलते हैं और यह स्लो-रिलीज फर्टिलाइजर की तरह काम करता है।

माली के अनुसार, फास्फोरस की कमी से फूल कम आते हैं या फल बनने से पहले गिर जाते हैं। माचिस की तीली से मिलने वाला फास्फोरस नई कलियां बनने की प्रक्रिया तेज करता है। सल्फर मिट्टी के छोटे कीड़ों, चींटियों और फंगस को दूर रखने में मदद करता है। हालांकि, एक मध्यम आकार के गमले में 3 से 4 तीलियां ही पर्याप्त मानी जाती हैं। ज्यादा तीलियां डालने से मिट्टी में रसायनों की मात्रा बढ़ सकती है, जो पौधे को नुकसान पहुंचा सकती है। 15 से 20 दिन में पुरानी तीलियों को बदला जा सकता है। लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित बताए गए हैं।