मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के दौरान सनसनी फैल गई, जब समारोह स्थल के पास एक खाली प्लाट में बुजुर्ग ससुर का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान ओम प्रकाश के रूप में हुई है और उनके गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव जनमासा और शादी स्थल के बीच खेत से होकर जाने वाले रास्ते के पास पड़ा मिला।

स्वजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें मृतक के दामाद सुखवीर पर शक है। आरोप है कि उसने पहले ही धमकी दी थी कि शादी वाले दिन उनके घर में खून बहेगा। मृतक के बेटे ने पुलिस को यह भी बताया कि बस से आते समय उसने रास्ते में अपने जीजा को देखा था।

मृतक के बेटे के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने आरोपित सुखवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।

पुलिस मामले की जांच के साथ घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपित की तलाश जारी है।