वाराणसी में जिला समाजवादी पार्टी ने पूर्व रक्षामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे स्व. मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती मनाई। लोहता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल अपने साथियों के साथ पहुंचे और नेताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किया। पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए तथा उनके संघर्षों, विचारों और जनसेवा के योगदान को याद किया।
इसके बाद जिला समाजवादी पार्टी की ओर से नवनिर्वाचित एमएलसी आशुतोष सिंहा का स्वागत और अभिनंदन किया गया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला, अंगवस्त्रम और बुके देकर बधाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि नेता जी का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों तथा पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों के हक और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आशुतोष सिंहा ने कहा कि वे एक साधारण परिवार से आते हैं, फिर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें दोबारा प्रत्याशी बनाकर भेजा। उन्होंने कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि सभी के परिश्रम, पार्टी के प्रति समर्पण और अखिलेश यादव की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नेताजी के विचार और जनहित में किए गए कार्य समाजवादी आंदोलन को सदैव दिशा और प्रेरणा देते रहेंगे।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नेताजी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक सहित सर्वसमाज के नेता थे। उन्होंने कहा कि जब वे मुख्यमंत्री थे तब वह विधायक थे और उन्होंने जो काम दिए, वे सभी पूरे हुए। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव बहुत सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और अब दूसरा मुलायम पैदा नहीं हो सकता। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि न्यायप्रिय राजनीति और समाजवादी आंदोलन के मजबूत स्तंभ नेता जी की कमी सदैव महसूस होती रहेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय की स्थापना और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।
सभा का संचालन करते हुए जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ऐसे जननेता थे, जिन्होंने राजनीति को सत्ता के गलियारों तक सीमित न रखकर गांव, गरीब, किसान और आम आदमी के बीच पहुंचाया। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को बुलंद किया तथा सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को मजबूती दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक उदय लाल मौर्या, आत्माराम यादव, आनंद मौर्या, डॉ. रामबालक पटेल, उमेश प्रधान, प्रदीप कुमार मौर्य, अवधेश पाठक सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
