लखनऊ में रविवार शाम छह बजे यूपी के सभी 75 जिलों में युद्ध और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान एयर रेड की चेतावनी देने वाला सायरन करीब दो मिनट तक बजता रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब छह बजे लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचे, जहां एयर रेड और ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास में आपदा राहत, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमें शामिल हुईं। इसमें आपसी समन्वय और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा गया। लखनऊ पुलिस लाइन में डीजीपी राजीव कृष्ण, पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

मॉकड्रिल के दौरान लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी गई। सायरन बजने पर घर या किसी सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया। यह अभ्यास वास्तविक हमले की स्थिति नहीं, बल्कि आपातकालीन तैयारियों को जांचने की प्रक्रिया का हिस्सा था। अभ्यास में आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, सायरन सिस्टम की कार्यक्षमता और राहत एवं बचाव अभियान की तैयारियों को परखा गया।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी मॉकड्रिल हुई। लखीमपुर खीरी के विलोबी हॉल ग्राउंड में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रतीकात्मक मॉकड्रिल हुई। मुरादाबाद में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया, जबकि गोरखपुर में अभ्यास के दौरान अंधेरा छा गया। कासगंज में रविवार शाम छह बजे मॉकड्रिल हुई और अलीगढ़ में अभ्यास के दौरान कैंप में आग लगने का अभ्यास किया गया।