नालंदा के बिहारशरीफ स्थित डीएम आवास परिसर में मृत मिले चार कौओं के सैंपल में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि हुई है। जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। परिसर और डीएम कॉलोनी में दवा का छिड़काव किया गया है, जबकि 12 किलोमीटर के दायरे में पोल्ट्री फार्मों की निगरानी शुरू कर दी गई है।

छह नवंबर को डीएम आवास परिसर में चार कौए मृत मिले थे। इनके सैंपल पहले पटना, फिर कोलकाता और अंत में भोपाल भेजे गए थे, जहां जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद शनिवार को पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना की चार सदस्यीय राज्यस्तरीय टीम बिहारशरीफ पहुंची। टीम में डॉ. प्रिय रंजन, डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार वर्मा और डॉ. संजय कुमार शामिल थे। विशेषज्ञों ने जिला पशुपालन पदाधिकारी के साथ बैठक कर संक्रमण की स्थिति और बचाव के उपायों की समीक्षा की।

नगर निगम के सहयोग से डीएम आवास परिसर और डीएम कॉलोनी में दवा का छिड़काव कराया गया। 12 किलोमीटर के दायरे में आने वाले पोल्ट्री फार्मों से मुर्गियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि संक्रमण का समय रहते पता लगाया जा सके। जिला पशुपालन पदाधिकारी के अनुसार, इस मौसम में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी और बतख जिले के जलाशयों में पहुंचते हैं, जिनके जरिए वायरस आने की आशंका जताई जा रही है। संक्रमित पक्षियों के संपर्क से कौओं में संक्रमण फैल सकता है। अब तक जिले के किसी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है और मुर्गियों की असामान्य मौत का मामला भी सामने नहीं आया है।

एहतियात के तौर पर जिले के सभी पशु चिकित्सकों और कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मृत या बीमार पक्षियों को नंगे हाथों से न छुएं और कहीं भी पक्षियों की असामान्य मौत दिखने पर तत्काल पशुपालन विभाग को सूचना दें। बर्ड फ्लू का H5N1 वायरस इंसानों को भी प्रभावित कर सकता है, इसलिए पक्षियों के संपर्क में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।