नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण) नगर परिषद में प्रशासनिक बदलाव हुआ है। बगहा के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा को नरकटियागंज नगर परिषद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर नए ईओ के रूप में पदभार ग्रहण किया। विभागीय आदेश के अनुसार यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले करीब आठ माह पूर्व लौरिया के कार्यपालक पदाधिकारी को यह प्रभार सौंपा गया था।
पदभार ग्रहण करने के बाद नए ईओ सरोज कुमार बैठा ने कहा कि नरकटियागंज नगर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। शहर में लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद के कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और उनके क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की।
नए ईओ का नगर परिषद सभापति रीना देवी, उपसभापति पूनम देवी और कर्मियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वहीं, तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मौके पर टाउन प्लानर मोहम्मद वसीम, स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, प्रधान लिपिक जयप्रकाश चौरसिया समेत बृजेश कुमार, अमरेंद्र कुमार, नितेश कुमार, मुकेश कुमार, कुंदन कुमार और सरताज आलम उपस्थित रहे।
