दिल्ली और नोएडा के बीच आवागमन के लिए अहम नोएडा एलिवेटेड रोड पर आवाजाही एक महीने से बंद है और अब यह 15 दिसंबर से पहले खुलने की उम्मीद नहीं है। आईआईटी रुड़की ने अपनी जांच रिपोर्ट नोएडा प्राधिकरण को सौंप दी है, जिसमें क्षतिग्रस्त हिस्से की बेयरिंग कमजोर पाई गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रोड के एक हिस्से में लगी बेयरिंग ऊपर से आने वाले वाहनों के पर्याप्त भार को संभालने में सक्षम नहीं है। दबाव बढ़ने के साथ उसमें धीरे-धीरे दरारें आ गई हैं, जिससे सड़क की ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस तकनीकी खामी का असर लगभग 11 मीटर लंबे सेगमेंट पर पड़ा है।

प्राधिकरण ने मरम्मत की जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की को सौंपी है। अब प्रभावित सेगमेंट की मरम्मत के बजाय उसे हटाकर नया सेगमेंट लगाया जाएगा। इस वजह से एलिवेटेड रोड 15 दिसंबर से पहले नहीं खुल पाएगा।

बेयरिंग में खामी सामने आने के बाद अब नोएडा एलिवेटेड रोड के दूसरे सेगमेंट की भी जांच कराई जाएगी। इससे यह पता लगाया जाएगा कि कहीं अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की तकनीकी खामी तो नहीं आई है।