चक्रवात अकवान के कारण हुई लगातार बारिश ने ओडिशा के कंधमाल जिले में किसानों की आलू समेत कई सब्जियों की फसलें बर्बाद कर दी हैं। जिले के जी. उदयगिरि ब्लॉक की लगभग सभी पंचायतों में बारिश का असर खेती पर पड़ा है और सबसे अधिक नुकसान आलू उगाने वाले किसानों को हुआ है। ग्रेसिंगिया पंचायत के किसान अनंग प्रधान समेत कई किसानों ने खेतों में आलू की खेती की थी और उन्हें अच्छी पैदावार व बेहतर आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन बारिश से खेतों में पानी भर गया और फसल बर्बाद हो गई।
किसानों के मुताबिक, आलू के बीज खरीदने, खेत तैयार करने और खेती के अन्य कार्यों में उन्होंने कर्ज लेकर पूंजी लगाई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति खेती से होने वाली आमदनी पर निर्भर थी। फसल तैयार होने से पहले ही बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब किसानों के सामने एक ओर फसल बर्बादी का संकट है तो दूसरी ओर कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले चक्रवात अर्णव के प्रभाव से हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने भी इस क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया था। कई जगहों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं और खेती प्रभावित हुई थी। अब चक्रवात अकवान के प्रभाव से हुई बारिश ने खेतों में बची-खुची फसल को भी चौपट कर दिया है।
लगातार प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहे किसानों को अब प्रशासन से राहत की उम्मीद है। कृषि विभाग और स्थानीय प्रशासन से प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन करने तथा किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग उठ रही है। किसानों का कहना है कि समय पर सरकारी सहायता नहीं मिली तो उनके लिए आर्थिक संकट से उबरना मुश्किल हो जाएगा।
