ओडिशा को 2036 तक 500 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को देखते हुए युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनाने की पहल तेज हो गई है। इस दिशा में उत्कल चैंबर ऑफ कॉमर्स (यूसीसी) युवा उद्यमियों की नई पौध तैयार करने में जुटा है। चैंबर का लक्ष्य युवाओं को उद्यमिता, तकनीक और कारोबारी कौशल से लैस कर उन्हें उद्योग जगत की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए जल्द ही युवा एंटरप्रेन्योर कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसके जरिए युवाओं को उद्योग स्थापित करने से लेकर कारोबार के विस्तार और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा।

यूसीसी अध्यक्ष प्रबोध महांति ने बातचीत में कहा कि राज्य सरकार ने 2036 तक समृद्ध ओडिशा बनाने का जो विजन तैयार किया है, उसमें युवा उद्यमियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उनके अनुसार, एमएसएमई सेक्टर जितना मजबूत होगा, राज्य की अर्थव्यवस्था को उतनी ही गति मिलेगी। चैंबर की ओर से दिए जा रहे सुझावों को सरकार गंभीरता से ले रही है और विदेश दौरों में भी यूसीसी को महत्व दिया जा रहा है, जिससे उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी अवसरों की जानकारी मिल सके।

महांति के अनुसार, 500 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में एमएसएमई सेक्टर की भूमिका निर्णायक होगी, इसलिए बड़े उद्योगों के साथ छोटे और मझोले उद्योगों का मजबूत होना भी जरूरी है। फिलहाल यूसीसी से करीब 1000 युवा उद्यमी जुड़े हैं और इस संख्या को बढ़ाकर 1200 करने का लक्ष्य है। युवा एंटरप्रेन्योर कमेटी के गठन से युवाओं को अपने कारोबारी विचार साझा करने और अनुभवी उद्यमियों से मार्गदर्शन पाने का मंच मिलेगा। सफल उद्यमियों और औद्योगिक विशेषज्ञों के साथ नियमित संवाद, सेमिनार और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यूसीसी ने युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए वर्ल्ड स्किल सेंटर के साथ करार किया है। इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को बड़ी औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे वास्तविक औद्योगिक वातावरण समझ सकें और उद्यमिता को भी विकल्प बना सकें। एमएसएमई उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से छोटे उद्योगों को मिलने वाले अवसरों के बारे में उद्यमियों को जागरूक किया जाएगा। माइनिंग सेक्टर में सरकारी एजेंसियों के सहयोग से पूरे वर्ष वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिससे स्थानीय उद्यमियों को बड़ी औद्योगिक इकाइयों की आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ा जा सके। महांति ने कहा कि विकसित ओडिशा का सपना तभी पूरा होगा, जब राज्य में उद्यमिता की मजबूत संस्कृति विकसित होगी।