पिछले दिनों राहुल गांधी ने अपने फोन के टैप होने की बात मीडिया के सामने कही थी। फोन टैप होने का मतलब है कि आपके फोन पर होने वाली बातचीत को किसी के द्वारा सुना या रिकॉर्ड किया जाना। कई बार ऐसा कानूनी प्रक्रिया के तहत होता है, तो कई बार गैर-कानूनी तरीके से स्पाइवेयर या किसी ऐप के जरिए फोन टैप किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि कैसे पता चले कि फोन टैप हो रहा है या नहीं। कुछ संकेतों को पहचानकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है और कुछ सुरक्षा सेटिंग्स को ऑन करके खुद को सुरक्षित भी किया जा सकता है।

अगर स्मार्टफोन बिना किसी भारी काम के भी गर्म हो रहा है या उसकी बैटरी तेजी से खत्म हो रही है, तो यह संकेत हो सकता है कि फोन टैप हो रहा है। ऐसा अक्सर तब होता है, जब बैकग्राउंड में कोई स्पाइवेयर या रिकॉर्डिंग ऐप लगातार एक्टिव हो, जिससे प्रोसेसर और बैटरी पर असर पड़ता है। इसी तरह, फोन टैप और जासूसी करने वाले ऐप आपकी बातचीत की ऑडियो फाइलें और दूसरा डेटा लगातार बाहरी सर्वर पर भेजते हैं, जिससे मोबाइल डेटा जरूरत से ज्यादा खर्च होता है। अगर इंटरनेट डेटा भी जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें।

कॉल के दौरान अजीब आवाजें आना भी एक संकेत हो सकता है। बात करते हुए बार-बार क्लिक की आवाज, अपनी ही आवाज की गूंज या बैकग्राउंड में कोई अजीब शोर सुनाई दे, तो संभव है कि फोन टैप हो रहा हो। इसके अलावा अगर फोन में ऐसे ऐप्स दिख जाएं, जो कभी इंस्टॉल ही नहीं किए गए, या फोन पर अजीब कोड या कैरेक्टर वाले संदिग्ध SMS आएं, तो यह भी खतरे की घंटी हो सकती है।

संदेह होने पर डायलर पर *#21# या *#62# डायल करके चेक करें कि कॉल या मैसेज किसी अनजान नंबर पर फॉरवर्ड तो नहीं हो रहे। बैंक और सोशल मीडिया ऐप्स के पासवर्ड बदलें या उन्हें किसी दूसरे फोन पर इस्तेमाल करें। स्पाइवेयर या मालवेयर को पूरी तरह खत्म करने के लिए डेटा का बैकअप लेकर फोन को फैक्ट्री रीसेट कर दें। iPhone यूजर हों, तो लॉकडाउन मोड ऑन कर लें। इसके लिए Settings > Privacy & Security > Lockdown Mode पर जाएं और Turn On Lockdown Mode पर टैप करें, जिसके बाद फोन रीस्टार्ट होकर यह मोड एक्टिव हो जाएगा। अगर जासूसी का पूरा शक है, तो प्रमाणित डिजिटल फॉरेंसिक विशेषज्ञ से डिवाइस चेक कराएं और साइबर क्राइम सेल में शिकायत करें।