प्रयागराज में गर्मी से पहले पेयजल संकट और कम दबाव की समस्या से निपटने के लिए जलकल विभाग शहर के 10 वार्डों में 22 नए नलकूप स्थापित करेगा। इससे दरियाबाद, अशोक नगर, राजापुर, दारागंज, अल्लापुर, जयंतीपुर और हरवारा समेत अन्य क्षेत्रों की 1.50 लाख से अधिक आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है। नलकूप लगाने पर 2 से 3 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

जलकल विभाग उन मोहल्लों की पहचान कर रहा है, जहां गर्मी के दिनों में पानी का दबाव कम होने और पर्याप्त आपूर्ति न होने की शिकायतें मिलती हैं। इसके लिए सर्वे कराया जा रहा है और सर्वे के आधार पर 22 स्थानों का चयन कर नलकूप लगाए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और कम दबाव की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।

जलकल विभाग के महाप्रबंधक संजीव कुमार के अनुसार, शहर के 10 वार्डों में 22 नए नलकूप लगाए जाने हैं और इसके लिए सर्वे कराया जा रहा है। उन स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां कम दबाव के कारण लोगों को पेयजल की समस्या होती है।

शहर में रोजाना 402 एमएलडी पानी की खपत होती है, जबकि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से 80 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। शहर में 650 से अधिक छोटे-बड़े नलकूप लगे हैं, 2.50 लाख कनेक्शन धारक हैं और 1600 किलोमीटर के दायरे में पाइप लाइन बिछाई गई है। आबादी बढ़ने के साथ पेयजल की मांग लगातार बढ़ रही है, इसलिए पुराने नलकूपों पर निर्भरता कम करने और नए इलाकों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए अतिरिक्त संसाधन विकसित किए जा रहे हैं।