प्रयागराज में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। नैनी के लेप्रोसी चौराहे पर स्कॉर्पियो और इनोवा की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें इनोवा सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। टक्कर में इनोवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और जाम हटवाया।

पुलिस के अनुसार, झूंसी निवासी अनुज दुबे और दारागंज निवासी अक्षत शुक्ला स्कॉर्पियो से नए पुल होते हुए नैनी की ओर जा रहे थे, तभी लेप्रोसी चौराहे पर सामने से आ रही इनोवा से भिड़ंत हो गई। इनोवा में पीडीए कॉलोनी नैनी निवासी संजीव अग्रवाल और चालक नरेंद्र बहादुर बैठे थे, जो घायल हो गए।

दूसरी घटना हंडिया कोतवाली क्षेत्र के गनेशीपुर गांव के सामने सैदाबाद-सिरसा मार्ग पर हुई। तेज रफ्तार आर्टिगा कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सरायममरेज थाना क्षेत्र के जगुआ सरायपीथा गांव निवासी दिनेश कुमार मौर्य (55) अपने साथी अजय कुमार पांडेय के साथ विवाह समारोह में भोजन बनाने का काम करते थे। शनिवार सुबह दोनों बाइक से बीरपुर गांव जा रहे थे।

राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दिनेश कुमार मौर्य को मृत घोषित कर दिया गया। अजय कुमार पांडेय की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक अन्य बाइक सवार के भी घायल होने की बात सामने आई है।