अल्मोड़ा के द्वाराहाट निवासी प्रियांशु जोशी भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बन गए हैं। यह पदवी उन्होंने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विशेष प्रवेश के माध्यम से कमीशन प्राप्त कर हासिल की है। बीते शनिवार को केरल में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें यह सफलता मिली। परेड की सलामी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ली।
शीतलापुष्कर वार्ड के निवासी प्रियांशु ने इंटर तक की पढ़ाई द्वाराहाट इंटर कालेज से की। एनसीसी कैडेट के रूप में उन्होंने बी सर्टिफिकेट परीक्षा ए ग्रेड से उत्तीर्ण की और हल्द्वानी से स्नातक किया। इसके बाद दिल्ली के एसआरएम इंस्टीट्यूट से एमसीए करने के बाद उन्होंने नौसेना के लिए कमीशन प्राप्त किया। प्रियांशु बचपन से ही भारतीय सेना का अंग बनकर देश सेवा का सपना देखते थे, जो अब साकार हो गया है।
उनके पिता केएन जोशी द्वाराहाट इंटर कालेज में जीवविज्ञान के प्रवक्ता हैं, जबकि माता अनीता जोशी प्राथमिक विद्यालय गवाड़ में प्रधानाध्यापक हैं। प्रियांशु ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद तथा कड़ी मेहनत को दिया है।
इस उपलब्धि पर 77 यूके एनसीसी बटालियन अल्मोड़ा के कमांडिंग अधिकारी कर्नल जितेंद्र शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी ले. कर्नल जेसी पंत, सूबेदार मेजर जगदीश सिंह, द्वाराहाट इंटर कालेज के प्रधानाचार्य कैप्टन एचसी कबडवाल, शिक्षक गणेश भट्ट, भारत भूषण, नवीन सिंह, संगीत सिंह, भावना जोशी, अनिल शमां, भावना हर्बोला, मोहन जोशी तथा उनके चाचा दिनेश चंद्र जोशी ने हर्ष जताया और शुभकामनाएं दीं।
