रायबरेली के जमुनापुर चौराहा से कोटिया चित्रा गांव तक की सड़क पिछले दो वर्षों में भारी वाहनों के आवागमन से टूटकर गड्ढों में बदल गई है। ग्रामीणों के अनुसार गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के चलते दिन-रात भारी वाहन इस मार्ग से गुजर रहे हैं, जिससे हर दो सौ मीटर की दूरी पर गड्ढे बन गए हैं। इस जर्जर मार्ग से 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के 80 से अधिक गांवों की करीब 80 हजार आबादी और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है तथा हादसे का डर बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि मकानों और दुकानों के सामने जल निकासी की नाली न होने से घरों का पानी सड़क पर भरा रहता है। गड्ढों से बचने के चक्कर में कई राहगीर गिरकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं और वाहन भी आपस में टकरा रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तट तक श्रद्धालु भी इसी मार्ग से पहुंचेंगे, जिससे भीड़ के दौरान परेशानी बढ़ने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग से सड़क की मरम्मत की कई बार मांग की गई, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। पीडब्ल्यूडी खंड एक की अवर अभियंता किरन ने कहा है कि कार्तिक पूर्णिमा मेले से पूर्व सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।
