वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के रघिया वन क्षेत्र में वन विभाग के एक टाइगर ट्रैकर को सागवान की दो गुल्ली के साथ पकड़े जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बुधवार की देर रात वन कक्ष संख्या 44 में विभाग की ट्रैक्टर-ट्राली पर जलावन की सूखी लकड़ी के साथ सागवान की दो गुल्ली ले जाई जा रही थीं, जिन्हें वनरक्षक ने पकड़ लिया। ट्रैकर की पहचान मणिकांत कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि लकड़ी ले जाने की कोई अनुमति नहीं ली गई थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण रघिया रेंज कार्यालय पहुंचे और विभाग पर मामले में लीपापोती करने तथा आरोपित ट्रैकर को बचाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नौरंगिया दोन के मुखिया गौरीशंकर प्रसाद, बगही पंचायत के मुखिया धीरज देवनाथ, बनकटवा करमहिया के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अनंत काजी और देवराज महतो समेत अन्य ग्रामीण दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

ग्रामीणों का कहना था कि जब वनरक्षक ने विभाग के ही कर्मी को लकड़ी के साथ पकड़ा है तो मामले में लीपापोती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जंगल से सूखी लकड़ी लाने पर आम लोगों को वनकर्मी परेशान करते हैं, जबकि विभाग में काम करने वाले लोग ही कीमती लकड़ी की चोरी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले में अन्य कर्मियों की संलिप्तता की आशंका भी जताई और आरोप लगाया कि कांड में शामिल अन्य लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

रघिया रेंजर राजेश राम ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। रेंजर ने बताया कि वनरक्षक ने ट्रैकर को लकड़ी के साथ पकड़ा है, बरामद लकड़ी जब्त कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित ट्रैकर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। रेंजर के अनुसार, विभाग की अनुमति के बिना जंगल से लकड़ी उठाकर लाना अपराध है और इस मामले में दोषी टीटी पर नियम सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसमें अन्य किसी कर्मी की भूमिका नहीं है, फिर भी छानबीन की जा रही है।